गोमती एक्सप्रेस इंजन में आई तकनीकी खराबी ट्रेन 2 घंटे बीच ट्रैक पर खड़ी रही,
भरथना: गोमती एक्सप्रेस इंजन के पहिये जाम हो जाने से ट्रेन लगभग 2 घंटे अप बीच ट्रैक पर खड़ी रही। साम्हों से आये दूसरे इंजन को लगाने के बाद ट्रेन को गंतव्य स्थान की ओर रवाना किया गया। इस दौरान पीछे से आ रही वंदे भारत, स्वतंत्रता सेनानी सहित कई स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों को अप लूप लाइन होकर गुजारा गया। जानकारी के अनुसार दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर लखनऊ से चलकर नई दिल्ली की ओर जा रही गाड़ी संख्या 12419 अप गोमती एक्सप्रेस निर्धारित समय पर भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नबंर तीन पर आकर रुकी और जैसे ही ट्रेन अपने निर्धारित समय पर रुकने के बाद सिगनल होते ही वह चली तभी इंजन का पहिया जाम हो गया और ट्रेन बीच ट्रैक पर रुक गयी।

ट्रेन में तैनात टैक्नीशियन स्टाफ और लोको पायलट द्वारा इंजन के जाम हुए पहिये को रिलीज करने का काफी प्रयास किया लेकिन वह रिलीज नहीं हो सका। तभी कंट्रोलर की सूचना पर गोमती एक्सप्रेस में लगे इंजन को हटाकर उसे आगे की ओर ले जाकर अप लूप लाइन की एक अतिरिक्त लाइन में खड़ा कर दिया। कुछ समय बाद साम्हों रेलवे स्टेशन से आये अतिरिक्त इंजन को गोमती एक्सप्रेस के रैक जोड़ा गया। तब कही जाकर ट्रेन 12 बजे अपने गंतव्य स्थान की रवाना हुई। उसी दौरान अप लाइन पर जा रही ट्रेन गाड़ी संख्या 02397 समर स्पेशल, 14071 अरावली एक्सप्रेस, 22415 वंदे भारत एक्सप्रेस, 12571 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस सहित ग्वालियर मेमो ट्रेन को लूप लाइन होकर गुजारा गया।












