भरथना में अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का गरजा बुलडोजर
भरथना : नगर को जाम मुक्त और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। तहसील सभागार में आयोजित बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे लगे अवैध ठेले, अस्थायी कब्जे, अवैध पार्किंग और अवैध रूप से बने टीन शेड हटाए गए। उपजिलाधिकारी काव्या सी के निर्देशन में अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह व कस्बा चौकी प्रभारी तमन्य चौधरी के साथ नगर पालिका परिषद की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कीअभियान की शुरुआत जवाहर रोड से होते हुए बालूगंज तक की गई, जहां से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।

इसके बाद ब्रह्मनगर (पुराना भरथना) क्षेत्र में भी अवैध कब्जों पर बुलडोजर चला। कार्रवाई के दौरान 25 से अधिक दुकानदारों, ठेला संचालकों व अन्य अतिक्रमणकारियों पर जुर्माना लगाकर अर्थदंड वसूला गया। कई स्थानों पर दुकानदारों को चेतावनी देते हुए स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए।सरोजनी रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा के बाहर आड़ी-तिरछी खड़ी मोटरसाइकिलों को देखकर एसडीएम ने बैंक प्रबंधक नीरज कुमार को मौके पर बुलाया और नवीन सब्जी मंडी परिसर के ठीक सामने बनी पार्किंग में वाहनों को व्यवस्थित खड़ा कराने के निर्देश दिए।

व्यापारी नेता विमल पोरवाल बंटी, व्यापारी नेता रज़्जन पोरवाल ने व्यापारियों के हित में प्रशासन से कुछ दिनों की मोहलत की मांग की है। वहीं उन्होंने नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने में सहयोग का आश्वासन भी दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से लगातार जारी रहेगा और भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।एसडीएम काव्या सी ने बताया कि नगर में पालिका द्वारा मुनादी कराई जाएगी। सात दिन बाद पुनः अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।













