अनिल कुमार इकदिल
इकदिल। तेज आंधी-तूफान और बारिश से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की हालत बिलकुल ध्वस्त हो गई। रविवार को आये इस तूफान में करीब 150 बिजली पोल टूट गए और कई स्थानों पर बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे बिजली विभाग को लगभग 22 लाख रुपये का नुकसान हुआ। भरथना की तरफ से आने वाली 33 केवी बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने से इकदिल व मानिकपुर फीडर से जुड़े करीब 150 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार देर शाम तक भी क्षेत्र की बिजली बहाल नहीं हो सकी। 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने से पेयजल संकट गहरा गया, इनवर्टर जवाब दे गए और लोग मोबाइल फोन चार्ज कराने के लिए इधर-उधर भटकते रहे। एसडीओ प्रेमचंद ने बताया कि क्षतिग्रस्त पोल और लाइनों की मरम्मत कराई जा रही है तथा जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।













