भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 04 मई 2025/ कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में बलरामपुर जिले में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इस कड़ी में, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बलरामपुर आनन्द राम नेताम के नेतृत्व में राजस्व, वन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की है।
बलरामपुर नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया:
नगरपालिका परिषद् बलरामपुर के वार्ड नंबर 03 में लगभग 1.5 एकड़ शासकीय भूमि पर अवैध रूप से 22 मकान बनाए गए थे। प्रशासन ने पहले अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया था, लेकिन कार्रवाई न होने पर एसडीएम आनन्द राम नेताम के मार्गदर्शन में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने इन मकानों को तोड़कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया।
खुठनपारा और डौरा-कोचली में भी अतिक्रमण हटाया गया:
खुठनपारा स्थित जिला ग्रंथालय के पीछे वन विभाग की शासकीय भूमि पर भी अवैध अतिक्रमण किया गया था। इस पर बलरामपुर वन परिक्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में 10 मकानों को तोड़कर अतिक्रमण मुक्त किया गया। इसके अलावा, तहसील डौरा-कोचली के ग्राम कोचली (लालमाटी) और ग्राम डूमरखोला में शासकीय भूमि पर 5 व्यक्तियों द्वारा 0.06 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण किया गया था, जिसे भी प्रशासन द्वारा हटाया गया।
प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी शासकीय भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।















