लखनऊ: कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लखनऊ हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने उनकी वह याचिका खारिज कर दी है, जिसमें उन्होंने सैनिकों पर दिए कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर उनके खिलाफ दाखिल मानहानि के परिवाद को रद्द करने की मांग की थी। यह मामला बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (BRO) के एक रिटायर्ड निदेशक द्वारा दाखिल किया गया है, जिन्होंने राहुल गांधी के बयान को सैनिकों की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने वाला बताया है। मामला फिलहाल एमपी-एमएलए विशेष अदालत में विचाराधीन है, जहाँ कोर्ट ने राहुल गांधी को तलब भी किया था। राहुल गांधी ने इस समन को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया, जिससे अब राहुल गांधी को निचली अदालत में इस मामले का सामना करना होगा।
गौरतलब है कि यह मामला तब सामने आया जब राहुल गांधी ने एक जनसभा के दौरान कथित रूप से सैनिकों को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसे अपमानजनक बताया गया है। यह बयान पूर्व सैनिकों और अधिकारियों में नाराजगी का कारण बना और इसके परिणामस्वरूप यह मानहानि का परिवाद दायर किया गया। अब देखना होगा कि एमपी-एमएलए कोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई में क्या रुख अपनाया जाता है।














