मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाएं तेज रफ़्तार ऑटो ने पीछे से मारी टक्कर, एक की मौत
भरथना: इटावा-कन्नौज हाइवे पर भरथना कस्बा क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला कृष्णा नगर में शुक्रवार की सुबह की सैर पर निकली महिलाओं को घर से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर मुख्य सड़क पर इटावा की तरफ से आ रहे ऑटो चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

ऑटो की टक्कर से ललिता देवी (55) राजेन्द्र सिंह, सिया देवी 52 पत्नी जयवीर सिंह, सीमा देवी 32 अनिल कुमार, पूनम 34 पत्नी शैलेन्द्र निवासी मोहल्ला कृष्णा नगर कस्बा भरथना घायल हो गई। बताया जा रहा है कि इसी मोहल्ले की ही सुमन देवी 50 पत्नी महेंद्र सिंह व पुत्री भी साथ थी जोकि ऑटो की चपेट में नही आने से सकुशल बच गई। हादसा देखकर आसपास मोहल्लावासी दौड़कर घटना स्थल पर पहुच गए, सभासद प्रतिनिधि भीखम सिंह आदि ने बताया कि मॉर्निंग वॉक व दूध लेने निकली महिलाए सड़क किनारे चल रही थी, इटावा की तरफ से तेज रफ्तार आ रहे ऑटो चालक ने जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर घायल ललिता देवी की इलाज को ले जाने के दौरान रास्ते मे मौत हो गई, जबकि अन्य घायल महिलाओं को परिजन इलाज के लिए सीएचसी व निजी अस्पताल ले गए। इधर मौका पाकर ऑटो चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया। बाद में घटना स्थल पर पहुची पुलिस ऑटो को थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक अरिमर्दन सिंह ने बताया कि ऑटो की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन महिलाए घायल है। मृतका के शव को जिला पोस्टमार्टम ग्रह भेजा गया है, ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।














