भारत tv24×7 न्यूज़ चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर,04 अगस्त 2025/ झारखंड आंदोलन के प्रणेता, आदिवासी समाज के पुरोधा और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का आज निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज जारी था।
‘दिशोम गुरु’ के नाम से प्रसिद्ध शिबू सोरेन आदिवासी समुदाय की मजबूत आवाज माने जाते थे। उनके नेतृत्व में झारखंड अलग राज्य की मांग ने गति पकड़ी और सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा मिली। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।
राजनीतिक, सामाजिक और जनजातीय संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। विभिन्न हिस्सों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में शोक घोषित किया है और अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।
झारखंड ने आज एक महान नेता और संघर्षशील योद्धा को खो दिया है।














