इटावा में युवक ने पेड़ से लगाई फांसी, सड़क किनारे खड़ा मिला ऑटो – परिजनों में मचा कोहराम

इटावा (बकेवर)।
थाना बकेवर क्षेत्र के अंतर्गत नौंधना–बोझा मार्ग पर उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला। सड़क किनारे युवक का ऑटो खड़ा था। राहगीरों ने जब यह मंजर देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक विनीत पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी थानाध्यक्ष विपिन मलिक को दी। इसके बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
मृत युवक की पहचान नसीरपुर बोझ निवासी 18 वर्षीय मानसिंह के रूप में हुई है, जो ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि सुबह लगभग 8:30 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे खड़ा ऑटो देखा और पास जाकर देखा तो युवक का शव आम के पेड़ पर लटका हुआ मिला।
सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।













