भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
राजपुर,बलरामपुर 05 फरवरी 2026। चौकी बरियों, थाना राजपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.10 किलोग्राम गांजा, नगदी राशि, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया है। प्रकरण में अपराध क्रमांक 27/2026, धारा 20(B) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 04 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल से गांजा लेकर बरियों–राजपुर–शंकरगढ़ क्षेत्र में बिक्री हेतु आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चौकी बरियों, थाना राजपुर, शंकरगढ़ पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा घेराबंदी की योजना बनाई गई।

ग्राम बधिमा में सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में बैग के अंदर गांजा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सादी वर्दी में तैनात पुलिस बल ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसने प्रारंभ में अपना नाम गलत बताया, पर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम उमेश कुमार गुप्ता (40 वर्ष), पिता भोला प्रसाद गुप्ता, निवासी ग्राम कोटया, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर होना स्वीकार किया।
तलाशी लेने पर उसके पास एक चैनदार चेकदार थैला मिला, जिसमें भूरे रंग के प्लास्टिक पैकेट में रखा हुआ 1.10 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत ₹12,000 बताई गई। साथ ही आरोपी के कब्जे से ₹22,000 नगद, एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक तोल तराजू तथा घटना में प्रयुक्त स्लेटी रंग की बिना नंबर होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की गई।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजपुर के नेतृत्व में उप निरीक्षक सुबल सिंह, प्रधान आरक्षक राजेंद्र ध्रुव, प्रआरक्षक विजय गुप्ता, आरक्षक रूपेश गुप्ता, शंकर दयाल, अजय टोप्पो एवं सुबोध की सक्रिय भूमिका रही।