प्रदेश स्तरीय बालीबाल प्रतियोगिता में आगरा क्लब चैम्पियन रहा
भरथना: नगर के मिडिल स्कूल के खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय बालीबाल प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आई टीमों ने प्रतिभाग किया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि चेयरमैन अजय यादव ‘गुल्लू’ एवं पूर्व राज्यमंत्री अशोक यादव ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार व प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
आदर्श बालीबाल क्लब के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में पहला मैच बांदा बालीबाल क्लब और मैनपुरी बालीबाल क्लब के बीच हुआ। इसमें मैनपुरी ने 21-12, 21-19 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल आगरा बालीबाल क्लब और खितौरा बालीबाल क्लब के मध्य खेला गया, जिसमें आगरा ने 21-17, 21-19 से मुकाबला अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबला आगरा बालीबाल क्लब और मैनपुरी बालीबाल क्लब के बीच हुआ। लगभग 38 मिनट तक चले रोमांचक मैच में आगरा ने 25-18 के अंतर से विजय प्राप्त कर खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को 7100 रुपये नगद पुरस्कार तथा उपविजेता टीम को 3100 रुपये प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में आदर्श बालीबाल क्लब के अध्यक्ष खुखराम सिंधी, राहुल यादव सर्राफ, सुरेंद्र यादव बाबू, ओमप्रकाश मंत्री, रवि यादव, सुधीर श्रीवास्तव, नकुल यादव, प्रशांत मोहन, जोगेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह यादव, रिंकू चौहान, लालू यादव, मुकेश भारती, शिवम पोरवाल, हिमांशु, केसरवानी, विवेक भारती सहित सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित रहे।













