अलग-अलग मार्ग दुर्घटना में तीन युवक घायल
भरथना–ऊसराहार मार्ग पर ग्राम चंद्रपुरा के समीप मार्ग दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार हेतु सीएचसी लाया गया | थाना क्षेत्र के ग्राम नुनार निवासी उमेश कुमार ने बताया कि वह रविवार दोपहर जनपद औरैया के थाना अछल्दा क्षेत्र के ग्राम इटली से अपनी रिश्तेदारी से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह ग्राम चंद्रपुरा के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे जनपद कन्नौज के थाना सौरिख क्षेत्र के ग्राम कन्हाई निवासी मोहम्मद वारिस ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आई, जहां दोनों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सैफई के लिए रेफर कर दिया।
इसी क्रम में भरथना बकेवर मार्ग ग्राम कुंवारा के समीप पेट्रोल पंप के पास ओमनी कार और बाइक में भिड़ंत हो गई। जिसमें बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम भरईपुर निवासी प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो बीच सड़क पर पड़े हुए थे तभी वहां से गुजर रहे भरथना मंडल अध्यक्ष बंटू गौर ने बीच सड़क पर घायल पड़े युवक को देखा तो उसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले आए जहां पर उसकी हालत गंभीर होने के चलते उसे सैफई के लिए रेफर कर दिया गया।















