भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
कुसमी,बलरामपुर 13 अप्रैल 2026/ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी घोसराडांड़ में अवैध अफीम की खेती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे नौवें आरोपी को पुलिस ने बिहार के गया जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10-11 मार्च 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में रेड कार्रवाई की थी। इस दौरान आरोपियों के खेत से 244 प्लास्टिक बोरियों में कुल 4344.569 किलोग्राम अफीम बरामद की गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपये आंकी गई। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 18 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।

घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। वहीं, फरार चल रहे आरोपी पैरू सिंह भोक्ता को 16 मार्च 2026 को गया (बिहार) से गिरफ्तार किया गया था।
इसी कड़ी में अब एक और फरार आरोपी रोहन सिंह को भी पुलिस टीम ने ग्राम सोमिया, थाना बाराचट्टी, जिला गया (बिहार) से पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और नेटवर्क की जांच लगातार जारी है।