
महेवा। जनपद इटावा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी कोमल पुनिया ने गुरुवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला के निर्देशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहेरीपुर एवं विकास खंड कार्यालय महेवा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएचसी महेवा में जांच लैब, आयुष्मान केंद्र, मरीज कक्ष, प्रसव कक्ष, टीकाकरण कक्ष, दवा भंडार एवं अभिलेखों का गहन अवलोकन किया तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अभिषेक वर्मा से स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान एसीएमओ डॉ. यतेंद्र राजपूत, डॉ. राघव गुप्ता, बीपीएम डॉ. दिलीप अग्रहरि सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
इसके बाद प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी अहेरीपुर पीएचसी पहुंचीं, जहां डॉ. अतुल तिवारी से स्वास्थ्य केंद्र के संचालन एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। तत्पश्चात उन्होंने विकास खंड कार्यालय महेवा का निरीक्षण कर खंड विकास अधिकारी बृज बिहारी त्रिपाठी एवं सहायक विकास अधिकारी पंचायत इंद्रपाल सिंह भदौरिया से विभिन्न विभागीय कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
एडीओ पंचायत ने ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली, विकास कार्यों, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं पंचायत चुनाव संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी, जबकि बीडीओ ने कृषि विभाग, बाल विकास परियोजना कार्यालय एवं क्षेत्र पंचायत कार्यालय की गतिविधियों से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी ने विभागीय कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं।










