इटावा। शनिवार सुबह इटावा पुलिस लाइन परिसर में एक सिपाही का शव फंदे से लटका मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
मृतक की पहचान अजीत यादव पुत्र हाकिम सिंह, निवासी महकपुर थाना अमराहट, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह पुलिस लाइन में मौजूद कर्मचारियों ने बास्केटबॉल ग्राउंड के पास एक व्यक्ति को फंदे से लटका देखा। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान सिपाही अजीत यादव के रूप में हुई।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक टीम और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिजन इटावा के लिए रवाना हो गए। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ मृतक के साथी पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अभी तक इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।












