बारिश में कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर युवती घायल
इटावा। लगातार हो रही बारिश के बीच इटावा के हरचंदपुरा में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। घर पर काम कर रही 18 वर्षीय युवती के ऊपर अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। परिजन ने बताया कि बारिश की वजह से कच्ची दीवार गिरने से अनुराधा हादसे में मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हरचंदपुरा निवासी अनुराधा (18) बुधवार शाम अपने घर में घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान रात से लगातार हो रही बारिश के कारण घर की कच्ची दीवार कमजोर होकर अचानक ढह गई और उसके ऊपर आ गिरी। दीवार गिरते ही तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर तत्काल मलबा हटाया और अनुराधा को बाहर निकाला। हादसे में अनुराधा को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार युवती की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

लगातार हो रही बारिश के चलते जिले में कच्चे मकानों और जर्जर दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में ऐसे मकानों में रहने वाले परिवारों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।













