No Result
View All Result
कुसमी,बलरामपुर 18 जुलाई 2026। नगर पंचायत कुसमी में शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे नगर को अस्त-व्यस्त कर दिया। करीब छह घंटे तक लगातार हुई तेज बारिश के कारण मुख्य बाजार क्षेत्र जलमग्न हो गया। संजय टेक्सटाइल्स, लिबास घर कपड़ा दुकान, गुप्ता हार्डवेयर सहित कई दुकानों और मकानों में पीछे की ओर से तेज बहाव के साथ पानी घुस गया, जिससे दुकानों के भीतर लगभग 3 से 4 फीट तक पानी भर गया।
तेज पानी के बहाव में दुकानों में रखा कपड़ा, हार्डवेयर एवं अन्य सामग्री बह गई, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा। दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने बारिश के बीच जान जोखिम में डालकर पानी में उतरकर सामान बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद कुछ सामान को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन बड़ी मात्रा में सामग्री पानी में बह गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्र से तेज गति से आया बारिश का पानी दुकानों के पीछे स्थित मकानों की ओर से घुसा। आशंका है कि पानी के दबाव से पीछे की ओर की एक दीवार क्षतिग्रस्त या गिर गई, जिसके कारण पानी सीधे दुकानों के भीतर प्रवेश कर गया। प्रभावित दुकानदारों के आवास भी दुकानों के पीछे होने से उनके रहने, खाने और दैनिक जीवन पर भी गंभीर असर पड़ा है। साथ ही वार्ड क्रंमाक 11 के वार्ड वासियो के घर के सामने बना बड़ी तालाब व घरो मे पानी ने बनाया रात भर का अपना बसेरा।
घटना की सूचना मिलते ही कुसमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य मार्ग पर यातायात को सुचारु बनाए रखने में जुट गई। वहीं कुसमी तहसीलदार रॉकी एक्का, थाना प्रभारी विरासत कुजूर व नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें शासन के नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में कुसमी नगरवासियों ने भी मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद की। नगर में हुई इस भारी बारिश से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
No Result
View All Result