No Result
View All Result
बलरामपुर,21 जुलाई 2026। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए समारोह का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और समन्वय के साथ किया जाए। उन्होंने परेड, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करने, शासकीय भवनों पर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था, स्कूली विद्यार्थियों की सहभागिता तथा राष्ट्रीय ध्वज संहिता का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि राष्ट्रीय पर्व का आयोजन गरिमामय एवं यादगार बन सके।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया, आर.एन. पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
No Result
View All Result