रामानुजनगर वन परिक्षेत्र में अवैध सागौन परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, पिकअप वाहन जब्त
सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध वनोपज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन (टीक) के लट्ठों से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रात्रिकालीन गश्त के दौरान की गई। वन विभाग ने वाहन और जब्त की गई वनोपज को सुरक्षित अभिरक्षा में रखकर भारतीय वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग के अनुसार, 02 अगस्त 2026 की रात अवैध रूप से वनोपज परिवहन की सूचना मिलने पर रामानुजनगर वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रीमती पूजा यादव के निर्देशन में वन कर्मियों की विशेष टीम गठित की गई। टीम को तत्काल क्षेत्र में सघन गश्त और निगरानी के लिए रवाना किया गया।
रात्रिकालीन गश्त के दौरान 03 अगस्त 2026 को सुबह लगभग 3 बजे परिसर छिंदिया क्षेत्र में वन अमले ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को जंगल की ओर जाते हुए देखा। संदेह होने पर वन कर्मियों ने वाहन की घेराबंदी कर दबिश दी।

जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG-15 AC-1294 में सागौन प्रजाति के चार लट्ठे लदे मिले। वन विभाग के पहुंचते ही लकड़ी लोड कर रहे लोग मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
वन अधिकारियों ने वाहन चालक से पूछताछ की, लेकिन वह लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट, अनुज्ञप्ति या ट्रांजिट पास प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग ने वाहन और सागौन की लकड़ी को जब्त कर भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया।
जब्त किए गए वाहन और वनोपज को रामानुजनगर वन परिक्षेत्र कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है। फरार आरोपियों की पहचान और अवैध लकड़ी तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में वनरक्षक राहुल साहू, वनरक्षक सुनील कुमार और वनरक्षक बिजेश्वर सिंह ठाकुर ने सक्रिय भूमिका निभाई।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध कटाई और वनोपज की तस्करी रोकने के लिए रात्रिकालीन गश्त लगातार जारी रहेगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले और अवैध परिवहन में शामिल लोगों के विरुद्ध भविष्य में भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: शिवम तिवारी, भारत टीवी, सूरजपुर












