13 दिवसीय 45वें मंगल महोत्सव का मंगल कलश यात्रा के साथ शुभारंभ
भरथना: भरथना-बिधूना मार्ग स्थित श्री बालरूप हनुमानगढ़ी शक्तिपीठ स्थल पर 13 दिवसीय 45वें मंगल महोत्सव का 12 सितंबर से शुभारंभ हो गया। महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ भजन, कथा, रासलीला और तीन दिवसीय विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को 108 मंगल कलशों के साथ महिलाओं ने मंगल कलश यात्रा निकाली।
शक्तिपीठ श्री बालरूप हनुमान जी महाराज हनुमानगढ़ी के प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौहान राजू, अमर सिंह चौहान राजेश, अध्यक्ष रूपकिशोर गुप्ता रूपे, महामंत्री विकास दीक्षित दीपू, कोषाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव तथा संयोजक डॉ. अभिनव दुबे ने संयुक्त रूप से बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 45वां मंगल महोत्सव श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है। 12 सितंबर से 24 सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में 13 दिनों तक लगातार विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव के प्रथम दिन श्री हनुमान पूजन, श्री सत्यनारायण व्रत कथा तथा भाव मंगल कलश यात्रा का आयोजन किया गया। मंगल कलश यात्रा मंदिर परिसर में भ्रमण करते हुए देर शाम संपन्न हुई। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 22 सितंबर को श्री बालरूप हनुमान जी महाराज का भव्य श्रृंगार कर बुढ़वा मंगल महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसी दिन 108 हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड पाठ के साथ मारुति यज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी। वहीं 24 सितंबर को विशाल धनुष भंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Atul Kumar-6396163159













