इटावा: बढ़पुरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव पीपल के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और फोरेंसिक टीम को बुलाया। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की पहचान विपिन कुमार प्रजापति (36) के रूप में हुई है। वह बालेश्वर प्रजापति का पुत्र था। मूल रूप से बढ़पुरा थाना क्षेत्र के बढ़पुरा गांव का रहने वाला विपिन करीब 25 साल पहले अपने परिवार के साथ औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र स्थित सतहांडी ऊंचा गांव में रहने लगा था।
पारिवारिक विवाद के बाद गांव आया था युवक
बताया जा रहा है कि विपिन करीब चार दिन पहले किसी पारिवारिक विवाद के बाद अपने पैतृक गांव बढ़पुरा आया था। ग्रामीणों के अनुसार, उसका अपने भाई से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास पीपल के पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका देखा।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल बढ़पुरा थाना पुलिस को सूचना दी।
फोरेंसिक टीम ने की जांच
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कृपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
थाना प्रभारी कृपाल सिंह के मुताबिक, युवक का शव पीपल के पेड़ पर लटका होने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतक पारिवारिक विवाद के बाद चार दिन पहले अपने पैतृक गांव आया था। पुलिस प्रथम दृष्टया गृह क्लेश के चलते आत्महत्या की आशंका जता रही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आगे की जांच के बाद ही घटना की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।














