पंजाब के पटियाला में भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल गुरुवार सुबह अचानक टूट गया।
हादसे के वक्त पुल से दो ट्रक गुजर रहे थे। पुल टूटने के कारण दोनों ट्रक भी उसके साथ लटक गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, इस पुल का निर्माण वर्ष 2016 में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कराया था। बताया गया था कि पुल की मियाद करीब 100 साल होगी, लेकिन निर्माण के महज 10 साल के भीतर ही पुल टूट गया। इस घटना ने पुल के निर्माण की गुणवत्ता और उसकी मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे के बाद पुल पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। फिलहाल इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है।














