उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में साल के 365 दिन रोजगार की गारंटी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे
सैकड़ों PRD जवानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। दरअसल, PRD जवान अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे थे। इसी दौरान उत्तराखंड पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
प्रदर्शन कर रहे जवानों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ने के बाद पुलिस ने लाठियां भांजकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
खास बात यह है कि प्रदर्शन करने वाले PRD जवान भी खाकी वर्दी से जुड़े हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा खाकी वर्दीधारियों पर लाठीचार्ज किए जाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जवानों की मांग है कि उन्हें पूरे साल यानी 365 दिन रोजगार की गारंटी दी जाए।













