इटावा। घटिया अजमत अली निवासी भूरे पुत्र मुन्ने खां दिल्ली से इटावा अपने घर आ रहे थे। रास्ते में अलीगढ़–हाथरस के बीच ट्रेन में अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें पैकेट वाला बिस्कुट खाने को दे दिया। बिस्कुट खाने के कुछ देर बाद वह बेसुध हो गए।
पीड़ित ने बताया कि उन्हें फफूंद के पास रेलवे ट्रैक पर थोड़ा होश आया। यात्रियों की मदद से उन्हें स्टेशन पर उतारा गया, जहां आरपीएफ और जीआरपी को सूचना दी गई। बाद में स्वजन को जानकारी दी गई। रात में परिजन उन्हें घर ले आए, लेकिन हालत बिगड़ने पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
भूरे के अनुसार उनके पास रखे करीब पांच हजार रुपये, एटीएम कार्ड, मेट्रो कार्ड और मोबाइल फोन गायब हैं। वह दिल्ली में फॉल सीलिंग का काम करते हैं और अपने घर इटावा लौट रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं।













