बलरामपुर 12 फरवरी 2026। बलरामपुर जिले में जल जीवन मिशन के तहत संचालित नल-जल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में की। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण कार्य और निर्धारित मापदण्डों के पालन के निर्देश दिए बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में पाइपलाइन विस्तार, स्रोत विकास, जलटंकी निर्माण तथा घरेलू नल कनेक्शन की स्थिति का विस्तृत आकलन किया। जिन ग्रामों में कार्य अधूरे हैं, वहां तेजी लाकर तय समयसीमा में पूर्ण करने को कहा गया उन्होंने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करना है, इसलिए सभी अधिकारी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

कलेक्टर ने नियमित मॉनिटरिंग, पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर देते हुए कार्यों में आ रही समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को निरंतर जल उपलब्ध हो सके लक्ष्य के अनुरूप प्रगति न होने पर कार्यों में तेजी लाने और लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में क्रेडा के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही ठेकेदारों को प्रगतिरत एवं स्वीकृत कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने को कहा गया। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अभियंता पंकज जैन सहित संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।













