कुसमी,बलरामपुर 06 अप्रैल 2026/ जिला बलरामपुर विकासखंड कुसमी के सेरंगदाग क्षेत्र में संचालित बालाजी मार्बल टाइल्स के बॉक्साइड खनन कार्य को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां श्रमिकों की सुरक्षा के साथ खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

सूत्रों के अनुसार, खदान में कार्यरत मजदूरों से बिना हेलमेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के ही काम कराया जा रहा है। भारी-भरकम पत्थरों की लोडिंग के दौरान श्रमिक अपनी जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि खदान क्षेत्र में किसी भी प्रकार की मेडिकल सुविधा उपलब्ध नहीं है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए न तो प्राथमिक उपचार की व्यवस्था है और न ही कोई अन्य सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा श्रमिकों को बुनियादी सुविधाएं भी मुहैया नहीं कराई जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह खनन कार्य पिछले 2 से 3 वर्षों से लगातार जारी है, लेकिन सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। इस पूरे मामले में प्रशासन की चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस गंभीर मामले को लेकर क्या कदम उठाता है।













