अनिल कुमार इकदिल
इकदिल। थाना क्षेत्र के ग्राम बिरारी के मजरा कृपालपुरा में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक अजीब दिखने वाले जानवर को पेड़ पर चढ़ा हुआ देखा। बताया जा रहा है कि यह जानवर लिपटिस के पेड़ पर चढ़ा हुआ था, जिसे देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। धीरे-धीरे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और हर कोई इस अनजान जीव को देखने के लिए उत्सुक नजर आया।
जब जानवर का चेहरा साफ दिखाई दिया, तो ग्रामीणों ने अनुमान लगाया कि यह कबर बिज्जू हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह का जंगली जानवर इलाके में पहले कभी नहीं देखा गया। जिससे लोगों में भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यह जानवर बच्चों और अन्य लोगों के लिए खतरा बन सकता है। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों ने बच्चों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी है। मामले की सूचना तत्काल वन विभाग लखना को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि जानवर को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके और उसे जंगल में छोड़ा जा सके।














