राजपुर,बलरामपुर 08 फरवरी 2026। जिला बलरामपुर के थाना राजपुर पुलिस ने भोले-भाले ग्रामीण किसान से दिनदहाड़े ₹49 हजार की उठाईगिरी के मामले में फरार चल रहे दूसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से ₹18 हजार नकद एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। इससे पहले पुलिस इस प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार कर ₹20 हजार की राशि बरामद कर चुकी है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 02 फरवरी 2026 को ग्राम डांड खड़ुआ निवासी प्रार्थी निबल साय अपने पुत्र के साथ सहकारी बैंक राजपुर में धान बिक्री की राशि निकालने आया था। बैंक से ₹49 हजार नकद प्राप्त करने के बाद प्रार्थी अपने पुत्र का इंतजार करता रहा। पुत्र के नहीं आने पर वह अकेले पैदल अपने गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उससे बातचीत कर बेटे को जानने का झांसा दिया और गांव तक छोड़ने की बात कहकर विश्वास में ले लिया।

आरोपियों ने प्रार्थी से तौलिये में बंधे ₹49 हजार रुपये लेकर कुछ दूरी आगे ले जाकर सामान खरीदने का बहाना बनाकर रकम लेकर फरार हो गए। बाद में प्रार्थी ने थाना राजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर अपराध क्रमांक 25/2026, धारा 318(4), 3(5) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर थाना प्रभारी राजपुर द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गई। पूर्व में दिनांक 07 फरवरी 2026 को आरोपी जेल कुमार पिता रामलाल को गिरफ्तार कर ₹20 हजार बरामद किए गए थे।
इसके बाद फरार चल रहे शातिर मुख्य आरोपी राम सिंह पिता नान साय, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम तूंगा थाना लखनपुर जिला सरगुजा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से ₹18 हजार नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 ED 5697 जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसका साथी जेल कुमार पूर्व में भी इसी तरह की ठगी के मामलों में जेल जा चुका है और जमानत पर छूटने के बाद पुनः वारदात कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि कुल ठगी गई ₹49 हजार की राशि में से ₹38 हजार बरामद कर लिए गए हैं, शेष राशि आरोपियों द्वारा खर्च कर दी गई। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।














