इकदिल। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिरारी के नगला दलप में शुक्रवार को बिरारी व लालपुरा के बीच क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ समाजसेवी अजय कुमार ने फीता काटकर किया। टूर्नामेंट में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने खेल के प्रति अपने उत्साह और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर समाजसेवी अजय कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लेकिन ग्राम पंचायत बिरारी में खेल मैदान का अभाव युवाओं के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। खेल मैदान न होने के कारण खिलाड़ियों को खेतों में क्रिकेट, वॉलीबॉल तथा अन्य खेलों का अभ्यास करना पड़ता है। जिससे उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीण युवाओं का कहना है कि गांव में कई सरकारी भूमि उपलब्ध होने के बावजूद आज तक खेल मैदान विकसित नहीं किया गया। यदि खेल मैदान की व्यवस्था हो जाए तो गांव के खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं के साथ अभ्यास कर सकेंगे और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत बिरारी में शीघ्र खेल मैदान का निर्माण कराया जाए ताकि युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का उचित अवसर मिल सके और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल सके। इस क्रिकेट टूर्नामेंट टोनू जाटव, अंशु, जानू, छोटू के साथ अतुल प्रताप सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह की देखरेख मे चल रहा है।













