1- सातवें बड़े मंगल पर श्रीबाल रूप हनुमानगढ़ी छोला मंदिर में हुए विशेष धार्मिक आयोजन
भरथना-बिधूना रोड स्थित श्रीबाल रूप हनुमानगढ़ी छोला मंदिर परिसर में सातवें बड़े मंगल के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ बाबा हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर भक्तों द्वारा बाबा का आकर्षक रूप से फलों से श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ का माहौल बना रहा। मंगलवार दोपहर समाजसेवियों अशुंल यादव, मंदिर प्रबंधक राजेश चौहान द्वारा मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को शरबत का वितरण किया गया। देर शाम मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंदिर प्रबंधक राजू चौहान एवं राजेश चौहान ने संयुक्त रूप से बताया कि मंदिर में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना का कार्यक्रम चलता रहता है। यहां सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर बाबा के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना करते हैं। उन्होंने बताया कि बड़े मंगल के अवसर पर मंदिर में विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
2: ——————————————————————–

भरथना: नगर के मुहल्ला नेविलगंज मार्ग निर्माण को लेकर सभासदों ने एक निजी संगठन पर बिना मेहनत के श्रेय लेने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। सभासद रोहित भंसाली ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता रख बताया कि वह वर्ष 2023 से मार्ग निर्माण के लिए प्रयासरत थे। पत्राचार व अधिकारियों से शिकायत के बाद मार्ग निर्माण की स्वीकृति मिली। पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू ने बताया कि मार्ग लंबे समय से खराब था, जनहित में निर्माण का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि सभासद द्वारा प्रस्ताव रखा गया था और संगठन की ओर से भी ज्ञापन दिया गया था।













