सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के बयान पर ब्राह्मण समाज में नाराजगी
भरथना: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज पर कथित अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के विरोध में ब्राह्मण समाज में भारी नाराजगी देखने को मिली। शुक्रवार को परशुराम सेवा समिति भरथना के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने उप जिलाधिकारी काव्या सी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि नोएडा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने ब्राह्मण समाज को लेकर अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

कोतवाली में लिखित शिकायत देते भरथना परशुराम सेवा समिति की पदाधिकारी
समिति पदाधिकारियों का कहना है कि किसी भी समाज या जाति विशेष पर इस प्रकार की टिप्पणी करना सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का कार्य करता है और इससे समाज में वैमनस्य फैलने की आशंका रहती है। परशुराम सेवा समिति के पदाधिकारियों ने मांग की कि ऐसे नेताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाए और सार्वजनिक रूप से ब्राह्मण समाज से माफी मंगवाई जाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ पाने के उद्देश्य से किसी समाज पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। ज्ञापन में चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ब्राह्मण समाज सड़क पर उतरकर जन आंदोलन करने को मजबूर होगा। इस दौरान परशुराम सेवा समिति के कई पदाधिकारी एवं समाज के लोग मौजूद रहे।














