
इटावा : गुरुवार दोपहर से लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कोतवाली क्षेत्र के मेवाती टोला मोहल्ले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रहने वाले ऑटो चालक मुस्तफा की 7 साल की बेटी अनम अपने पड़ोस के बच्चों के साथ बारिश में खेल रही थी कि अचानक वह घर के पास उफनाए हुए नाले में गिर गई। तेज बहाव के कारण वह क्षण भर में आंखों से ओझल हो गई। घटना के 4 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
दोपहर करीब 2 बजे जब अनम और अन्य बच्चे बारिश में खेल रहे थे, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नाले में जा गिरी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नाले का जलस्तर और बहाव दोनों ही खतरनाक स्तर तक बढ़ गए थे। साथ खेल रहे बच्चों ने जैसे-तैसे चिल्लाकर अनम के परिवार को सूचना दी, लेकिन तब तक वह बह चुकी थी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर पालिका और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बच्ची को खोजने के लिए नाले से लेकर यमुना नदी तक का सघन अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला है। परिवार वाले रो-रोकर अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं।










