सहारनपुर, चिलकाना – थाना चिलकाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में हाल ही में एक मस्जिद को प्रशासन द्वारा अवैध निर्माण बताते हुए ध्वस्त किए जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। रविवार को कैराना की सांसद इकरा हसन अपने भाई और कैराना विधायक नाहिद हसन के साथ भोजपुर गांव पहुंचीं। उन्होंने मस्जिद स्थल का जायज़ा लिया और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को सुना। इस दौरान इकरा हसन ने जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी सदर से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।

सांसद ने कहा कि मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर जिला प्रशासन से जवाब लिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यह मस्जिद वर्षों से मौजूद थी, जबकि प्रशासन का दावा है कि निर्माण कार्य अवैध रूप से किया जा रहा था, जिसके चलते कार्रवाई की गई।

फिलहाल, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन स्थानीय लोगों के भीतर गहरी नाराज़गी देखी जा रही है।













