भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 01 जुलाई 2025/ सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने सोमवार को जिला बलरामपुर कार्यालय के सभागार में आयोजित सांसद सड़क सुरक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर दो टूक कहा, “जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है, नियम तोड़ने वालों पर अब कोई रियायत नहीं मिलेगी।”

बैठक में जिला बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा, वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेई, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर सहित तमाम विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में जिले की सड़क सुरक्षा स्थिति, दुर्घटना के कारण, ब्लैक स्पॉट की पहचान और सुधार, यातायात नियंत्रण जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। सांसद चिंतामणि महाराज ने स्पीडिंग, ओवरलोडिंग, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, हेलमेट व सीट बेल्ट की अनदेखी जैसे मामलों में सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए।

स्कूल-कॉलेज में चलेगा ‘रोड सेफ्टी मिशन’
सरगुजा सासंद ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता सिर्फ दस्तावेजों तक सीमित न रहे, बल्कि छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए जमीनी स्तर पर परिवर्तन लाया जाए।
राष्ट्रीय राजमार्ग और आवारा पशु भी रहे चर्चा में
राष्ट्रीय राजमार्ग की खस्ताहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए सरगुजा सांसद ने कहा मरम्मत कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी, जनता की आवाजाही बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने आवारा पशुओं के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताई और तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
किसानों को न हो परेशानी

वाहन जांच के दौरान किसानों को होने वाली असुविधा पर सरगुजा सांसद ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी—“सड़क सुरक्षा के नाम पर किसानों को तंग न करें, व्यवस्था संवेदनशील और व्यावहारिक हो।”
जिला प्रशासन और ट्रैफिक विभाग को मिली साफ हिदायत – सड़क पर नियम टूटे, तो कार्रवाई तुरंत हो। अब न लापरवाही चलेगी, न बहाने














