भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 01 जुलाई 2025/ छत्तीसगढ़ के कृषि विकास एवं आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सौजन्य मुलाकात की और बलरामपुर शहर के लिए 10 किलोमीटर लंबे फोरलेन बायपास मार्ग का प्रस्ताव सौंपा।
इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन अम्बिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-343) की प्रगति पर भी चर्चा की, जिसमें 397.44 करोड़ और 199.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है।
शहर को मिलेगी ट्रैफिक से राहत, विकास को नई रफ्तार
मंत्री नेताम ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि बलरामपुर शहरी सीमा के भीतर भारी वाहनों के आवागमन से लगातार जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि आवासीय और व्यावसायिक इलाके के बीच से गुजरने वाले हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव अत्यधिक है।
10 किमी फोरलेन बायपास बन जाने से न सिर्फ नागरिकों को राहत मिलेगी बल्कि अंतरराज्यीय व्यापार और राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी, रामविचार नेताम ने कहा।

भारत माला योजना में उत्तर छत्तीसगढ़ को जोड़ने की मांग
मंत्री नेताम ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया कि जिस तरह दक्षिण छत्तीसगढ़ में रायपुर से विशाखापट्टनम मार्ग भारत माला परियोजना के तहत लगभग पूर्ण हो चुका है, उसी तरह उत्तर छत्तीसगढ़ को भी रायपुर-बिलासपुर-अम्बिकापुर-वाड्रफनगर-बनारस तक के मार्ग के माध्यम से जोड़ा जाए।
रायपुर से बनारस तक राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से छत्तीसगढ़ को उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम भारत के प्रमुख शहरों से बेहतर सड़क संपर्क मिल सकेगा, उन्होंने जोड़ा।
मंत्री नेताम ने भरोसा जताया कि अगर बलरामपुर बायपास को मंजूरी मिलती है, तो जिले के लाखों नागरिकों के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा और क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक विकास नई ऊंचाई तक पहुंचेगा।













