भारत tv24×7 न्यूज चैंल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, राजपुर,03 अगस्त 2025/ जिला बलरामपुर के राजपुर जनपद के क्षेत्र क्रमांक-03 के पूर्व जनपद सदस्य नीरज तिवारी ने अनुविभागीय अधिकारी राजपुर को ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन की निष्क्रियता पर कड़ा रोष जताया है। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग 343 के खराब होने के बाद भारी मालवाहक ट्रकों और यात्री बसों का ग्रामीण सड़कों पर अनाधिकृत आवागमन तेजी से बढ़ गया है, जिससे ककना-अखोराखुर्द-कल्याणपुर और चांची-कुंदीकला-बदौली-अखोराखुर्द मार्ग पूरी तरह से टूट-फूट का शिकार हो गए हैं।

रातभर सड़कों पर दौड़ते भारी वाहन, गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कें और हर समय बनी दुर्घटना की आशंका—ग्रामवासियों के लिए यह रोजमर्रा की समस्या बन गई है। नीरज तिवारी ने बताया कि अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार बरियों, थाना प्रभारी राजपुर और चौकी प्रभारी बरियों को मौखिक रूप से कई बार आग्रह किया गया, लेकिन 20 दिनों बाद भी प्रशासन की चुप्पी और कोई ठोस कार्रवाई न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
ग्रामवासियों में बढ़ रहा आक्रोश अब आंदोलन की दहलीज पर है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि अगले 5 दिनों में भारी वाहनों का अवैध परिचालन रोका नहीं गया, तो प्रभावित ग्रामीणों के साथ मिलकर चक्का जाम कर वृहद विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
“यह सिर्फ सड़क का सवाल नहीं, जनजीवन की सुरक्षा का प्रश्न है,” – नीरज तिवारी ने दो टूक कहा।














