भारत tv24×7न्यूज चैनर रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 3 अगस्त 2025/ “बचाव ही इलाज है” – इस मंत्र को साकार करते हुए बलरामपुर जिला प्रशासन ने महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक ठोस कदम बढ़ाया है। महिलाओं में तेजी से बढ़ते स्तन एवं ग्रीवा कैंसर के खतरे को ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल में दो दिवसीय निःशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया है। यह शिविर 2 और 3 अगस्त को चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य है – समय रहते कैंसर की पहचान और पूर्ण उपचार।
जिला बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में तथा जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर और सीएमएचओ डॉ. बसंत सिंह के नेतृत्व में यह शिविर पूरी योजना और समर्पण के साथ संचालित हो रहा है।

इस शिविर की विशेष बात यह रही कि इसमें हैदराबाद से आई प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ डॉ. एम. अर्पणा द्वारा स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने शिविर के पहले दिन बलरामपुर, कुसमी और राजपुर विकासखंडों से आई कुल 54 महिलाओं की जांच की, जिसमें से 1 संभावित सर्वाइकल कैंसर, 2 संभावित स्तन कैंसर तथा 10 संदिग्ध मामलों को चिन्हांकित किया गया।
शिविर स्थल पर रजिस्ट्रेशन काउंटर, जांच केंद्र, सहायता डेस्क जैसी समस्त व्यवस्थाएं की गई हैं। कलेक्टर श्री कटारा ने खुद मौके पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण कर मरीजों से संवाद भी किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसंत सिंह ने जानकारी दी कि शिविर हेतु जिले की 328 महिलाओं को पहले ही चिन्हांकित किया जा चुका है। दूसरे दिन शंकरगढ़, रामानुजगंज और वाड्रफनगर विकासखंड की महिलाओं की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह शिविर न केवल इलाज की पहल है, बल्कि महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास भी जगा रहा है।














