बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम अहेरीपुर चौराहे पर रविवार को पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चौकी प्रभारी धीरेंद्र पटेल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने बिना डिजिटल नंबर प्लेट, काली फिल्म, बिना लाइसेंस और स्टंट करने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई की। मौके पर करीब आधा दर्जन दोपहिया वाहनों का चालान किया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखते ही कई वाहन चालक तेजी से रास्ता बदलकर भागते दिखाई दिए, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने लोगों को समझाया कि बिना आवश्यक दस्तावेजों के वाहन चलाना न केवल कानूनी अपराध है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का भी बड़ा कारण बन सकता है। चौकी प्रभारी ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि सड़क पर अनुशासन कायम रहे और लोग सुरक्षित यात्रा कर सकें।
इस अभियान में चौकी प्रभारी धीरेंद्र पटेल के साथ पुलिसकर्मी वीरेंद्र पटेल, सजीवन यादव, कपिल चौधरी सहित पूरा स्टाफ मौजूद रहा।













