भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर,कुसमी 25 अक्टूबर 2025। थाना कुसमी क्षेत्र के ग्राम पंचायत रेहड़ा में घटित एक सनसनीखेज घटना में पुलिस ने अपने ही पिता की हत्या करने वाले आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अपराध क्रमांक 90/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया था। दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को थाना कुसमी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रेहड़ा निवासी राकेश राम ने अपने पिता पतेश्वर राम की मारपीट कर हत्या कर दी है।
सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश प्रारंभ की। विवेचना के दौरान आज 25 अक्टूबर 2025 को आरोपी राकेश राम को पुलिस अभिरक्षा में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि 22 अक्टूबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे घरेलू विवाद के चलते उसका अपने पिता से झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान उसने गुस्से में आकर हाथ-मुक्कों और घर में रखे डंडे से पिता की पिटाई कर दी।
घटना के दौरान बीच-बचाव में आई आरोपी की मां झालों बाई को भी चोटें आईं। डर के कारण झालों बाई ने पतेश्वर राम का उपचार नहीं कराई, जिससे 23 से 24 अक्टूबर की दरम्यानी रात को पतेश्वर राम की मौत हो गई।
कुसमी थाना प्रभारी विरासत कुजूर व पुलिस टीम ने तत्पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश राम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।














