भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
जिले में आगामी 15 नवंबर 2025 से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध धान भंडारण और परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में विकासखण्ड वाड्रफनगर के रघुनाथनगर और मुरकौल क्षेत्रों में दो पिकअप वाहनों से 150 बोरी धान जब्त किया गया है।

वाड्रफनगर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) नीरनिधि नंदेहा के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
रघुनाथनगर में पकड़ी गई पिकअप में लगभग 70 बोरी धान लोड था। वाहन चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके चलते धान और वाहन दोनों जब्त किए गए।
इसी प्रकार ग्राम मुरकौल में एक अन्य पिकअप वाहन में 80 बोरी धान परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान चालक वैध कागजात नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसे भी जब्त कर कार्रवाई की गई।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने सभी निगरानी दलों, नोडल अधिकारियों और राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने से पहले अवैध परिवहन एवं भंडारण पर सख्त कार्रवाई जारी रखें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कोचियों और बिचौलियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।














