अहेरीपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा का मज़ाक — VIDEO में बच्चों से कक्षा का ताला लगवाते दिखे, शिक्षक धूप सेकते मिले!

इटावा/महेवा।
महेवा ब्लॉक के ग्राम अहेरीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विद्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बच्चे कक्षाओं में पढ़ने के बजाय मैदान में खेलते हुए मिले, जबकि मौजूद शिक्षक कक्षाओं की जगह धूप सेंकते दिखाई दिए।

मामला यहीं नहीं रुका—सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में साफ़ दिखा कि कक्षा का ताला खोलने और बंद करने का काम भी बच्चों से कराया जाता है। यह कृत्य न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों को जोखिम में डालने वाली गंभीर लापरवाही है।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में ऐसी स्थिति अक्सर देखने को मिलती है। शिक्षकों की उदासीनता के कारण बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द जांच कर जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि “जब शिक्षक खुद उठकर ताला तक नहीं खोल सकते, तो बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी कैसे निभा पाएंगे?”
मामला वीडियो के साथ वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।












