ब्रेकिंग न्यूज़ : बहेड़ा में भीषण अग्निकांड, किराना दुकान जलकर खाक

महेवा। महेवा क्षेत्र के ग्राम बहेड़ा में शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अंदावा मोड़ पर स्थित सेतु मिश्रा की किराना दुकान देखते ही देखते आग के विशाल गोले में तब्दील हो गई और चंद मिनटों में लाखों का सामान राख बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात का गहरा सन्नाटा अचानक धमाके जैसी आवाज़ से टूट गया। आशंका जताई जा रही है कि दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग भड़की, जिसने पल भर में पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। तेज़ लपटों ने आसपास के घरों तक पहुँचने की कोशिश की, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर महेवा पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम तुरंत मौके पर पहुँची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों ने भी डटकर राहत कार्य में हाथ बँटाया, वरना नुकसान और बढ़ सकता था।
आग में बताया जा रहा है कि लगभग पाँच से दस लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। हर तरफ जली हुई वस्तुओं की बदबू और धुएँ से गांव का माहौल भारी बना हुआ है।
घटना की जांच जारी है, जबकि ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रही शॉर्ट सर्किट घटनाओं पर नाराजगी जताई है।













