115 साल पुराने इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, जिलाधिकारी ने दीप जलाकर किया उद्घाटन

इटावा, आज 7 दिसंबर को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने रविवार को ऐतिहासिक इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया। यह एक माह तक चलने वाला यह लोकपर्व जनपद की सांस्कृतिक धरोहर माना जाता है।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ शुभारंभ
महोत्सव केविधिवत शुरुआत परंपरागत ‘बेदी पूजन’ से हुई, जिसका आयोजन पंडितजी द्वारा कराया गया। इसके बाद शहीद स्मारक स्तंभ के पास राष्ट्रगान के साथ तिरंगा फहराया गया और सभी अधिकारियों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बैंड बाजे के साथ आगंतुकों का स्वागत किया गया तथा महोत्सव पंडाल में आयोजक कार्यकारिणी द्वारा प्रशासनिक एवं अन्य अधिकारियों का सम्मान किया गया।
जिलाधिकारी ने दी शुभकामनाएं और आह्वान
जिलाधिकारीशुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने इस अवसर पर कहा, “यह प्रदर्शनी 115 वर्ष पुरानी है और जनपद इटावा का एक लोक पर्व है। मैं सभी इटावावासियों को शुभकामनाएं देता हूं।” उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आकर महोत्सव का आनंद लेने की अपील की।उन्होंने बताया कि एक माह तक पंडाल और प्रदर्शनी मैदान में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ ODOP को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही, उन्होंने आगंतुकों से फीडबैक देने का भी अनुरोध किया ताकि आयोजन को और बेहतर बनाया जा सके।
विशेष सुविधाओं पर जोर
जिलाधिकारीने बताया कि इस बार प्रदर्शनी में विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा और सजावट पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही, प्रदर्शनी की ऐतिहासिक पुरानी तस्वीरों को एकत्रित करके इसे और यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी आयोजकों से पूर्ण मनोयोग से कार्य करने का आग्रह किया।
पुलिस प्रशासन ने बताई सुरक्षा व्यवस्था
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव नेकहा कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विशेष रूप से महिला सुरक्षा को वरीयता दिए जाने की बात कही। आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि नुमाइश शांतिपूर्वक एवं सकुशल संपन्न कराई जाएगी और लोग निर्भय होकर आनंद ले सकेंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारीअजय कुमार गौतम, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) संदीप श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, उप जिलाधिकारी (न्यायिक), सिटी एवं जसवंतनगर के सीओ, जनरल सेक्रेटरी विक्रम सिंह राघव सहित समस्त उप जिलाधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।













