निवाड़ी कला माइनर से सilt बेचकर प्लॉटों की भराई, अवैध खनन के आरोप

भोगनीपुर डिवीजन के अंतर्गत निवाड़ी कला माइनर पर चौड़ीकरण के दौरान अवैध रूप से मिट्टी और सिल्ट के खनन व बिक्री का मामला सामने आया है। आरोप है कि माइनर से निकली सिल्ट का उपयोग कस्बे में प्लॉटों की भराई के लिए किया जा रहा है, जिससे नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निवाड़ी कला माइनर पर मशीनों और ट्रैक्टरों की मदद से धड़ल्ले से खुदाई की जा रही है। खुदाई के दौरान माइनर की चौड़ाई बढ़ाई जा रही है और निकली मिट्टी व सिल्ट को हटाकर बेचा जा रहा है। दिन के समय ट्रॉलियों से मिट्टी ढोए जाने के कारण राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि कोई आम व्यक्ति माइनर के किनारे पड़ी मिट्टी भी उठाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाती है, जबकि ठेकेदार द्वारा निकाली गई सिल्ट खुलेआम बेची जा रही है। इसी सिल्ट से कस्बे में प्लॉटों की भराई कराई जा रही है।
इस मामले में जब विभाग के जिम्मेदार नरेंद्र सिंह सोंगर से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि माइनर की खुदाई का टेंडर ऑनलाइन ठेकेदार को मिला है। हालांकि, उन्होंने सिल्ट बेचने की जानकारी होने से इनकार किया।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध खनन और सिल्ट बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है।













