जनपद इटावा में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 29 दिसंबर 2025 को क्षेत्राधिकारी भरथना एवं थानाध्यक्ष लवेदी, मिशन शक्ति पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र लवेदी की ग्राम पंचायत जैतपुरा के ग्राम दुर्गापुरा पहुंचे।
इस दौरान बालिकाओं और महिलाओं को मिशन शक्ति फेज-5 के उद्देश्य, सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, साइबर अपराध से बचाव तथा नए कानून BNS और BNSS के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं व बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य आवश्यक सेवाएं शामिल रहीं।
इसके साथ ही महिलाओं को केंद्र व राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी गई और इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने संदेश देते हुए कहा कि सुरक्षित और स्वस्थ रहना ही वास्तविक सुरक्षा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई को प्राथमिकता देने, जागरूक रहने और सीखी गई जानकारी को परिवार व समाज तक पहुंचाने की अपील की।
मिशन शक्ति के इस जागरूकता अभियान की ग्रामीणों ने सराहना की और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।














