उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। भिकियासैंण–विनायक मार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में कुल 19 यात्री सवार थे। हादसा इतना भयावह था कि बस खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ऋषिकेश रेफर किया जा रहा है। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री ने घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। डीएम स्वयं मौके पर राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। SDRF और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और खाई में गिरे यात्रियों को निकालने का काम जारी है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।














