भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
राजपुर,बलरामपुर 05फरवरी 2026/ सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा ब्लॉक राजपुर स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन – जनसंवाद 2026 कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।

सम्मेलन में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा जनजागरूकता जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए। विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि शासन की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचे और इसके लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली मितानिन बहनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। उन्होंने कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों, मानदेय, संसाधनों की उपलब्धता तथा प्रशिक्षण संबंधी मुद्दों को सामने रखा। विधायक ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया और कहा कि मितानिनों का सम्मान और सहयोग सरकार की प्रथामिकता है।















