
अहेरीपुर के ग्राम नौगवां स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। विद्यालय परिसर में ग्रामीणों का निजी सामान रखे जाने से बच्चों की पढ़ाई और स्कूल की व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। स्कूल परिसर में इस तरह का अतिक्रमण नियमों के खिलाफ है, फिर भी लंबे समय से समस्या बनी हुई है।
इस संबंध में जब ग्राम प्रधान हरिकेश यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें है और जल्द ही स्कूल परिसर से सामान हटवाया जाएगा, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं विद्यालय के शिक्षक (मास्टर) ने बताया कि यह चारा बगल के ही जhabbu का रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। शिक्षक ने चिंता जताते हुए कहा कि इससे न सिर्फ विद्यालय की गरिमा प्रभावित हो रही है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और स्वच्छता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो। अब देखना होगा कि ग्राम प्रधान के आश्वासन के बाद प्रशासन कितनी जल्दी कार्रवाई करता है।













