इटावा। शहर के बाडस ख्वाजा कब्रिस्तान में बुधवार सुबह लकड़बग्घों की मौजूदगी से इलाके में हड़कंप मच गया। दरगाह पर अकीदत के लिए पहुंचे लोगों ने कब्रिस्तान परिसर में लकड़बग्घों को घूमते देखा, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सहरी के बाद नमाज पढ़ने के लिए पहुंचे अकीदतमंदों ने कब्रिस्तान के भीतर लकड़बग्घों को घूमते देखा। इस दौरान कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया, जिसमें एक लकड़बग्घा साफ दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कब्रिस्तान में दो लकड़बग्घे घूमते हुए दिखाई दिए।

लकड़बग्घों के दिखने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इन्हें नहीं पकड़ा गया, तो किसी बड़ी घटना की आशंका हो सकती है।
घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है। स्थानीय लोगों और अकीदतमंदों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर लकड़बग्घों को पकड़ने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।














