मध्य-पूर्व क्षेत्र के संवेदनशील समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट के पास एक कार्गो जहाज पर हमले की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार थाईलैंड के झंडे वाला कार्गो जहाज “मयूरी नारी” बुधवार को हमले का शिकार हो गया। यह जहाज भारत की ओर आ रहा था।

बताया जा रहा है कि जहाज पर कुल 23 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही थाई नौसेना ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। नौसेना की टीम ने मौके पर पहुंचकर 20 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
फिलहाल जहाज पर मौजूद बाकी लोगों और हमले के कारणों को लेकर जांच जारी है। समुद्री सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं।
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे व्यस्त और रणनीतिक समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में इस तरह की घटना को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ गई है।














