कुसमी/बलरामपुर, 25 मार्च 2026। नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 से 15 में संचालित शासकीय उचित मूल्य (राशन) दुकान में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी के विरोध में बुधवार को वार्ड पार्षदों और नागरिकों ने संयुक्त रूप से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राशन दुकान संचालक द्वारा लंबे समय से पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं दिया जा रहा है। बीपीएल कार्डधारकों को बार-बार परेशान किया जाता है और कई जरूरतमंदों को राशन से वंचित रखा जाता है। साथ ही उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की भी बात कही गई है, जिससे आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
पार्षदों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे संचालक के हौसले बुलंद हैं और वह प्रशासनिक नियमों की अनदेखी कर मनमानी कर रहा है।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित राशन दुकान संचालक को तत्काल हटाकर उसकी जगह किसी योग्य और ईमानदार व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि हितग्राहियों को उनका पूरा हक मिल सके। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की भी मांग की गई है।
पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो जनहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
शिकायत सौंपने वालों में शामिल पार्षद संतोष कुमार, शकील अंसारी, वाहिद अली, बृजकिशोर, विनीता टोप्पो, केरता राम, संतोष राम साथ ही धीरचंद राम वार्डवासी थे।














